शिवपुरी। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच भौंती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर अश्लील रिकॉर्डिंग करने और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देकर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.40 लाख रुपए का मशरुका भी जब्त किया है।
भौंती टीआई घनश्याम भदौरिया के अनुसार, आरोपी लोगों को फोन कर खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे और बलात्कार जैसे गंभीर अपराध में नाम आने तथा गिरफ्तारी की धमकी देकर डराते थे। इसके बाद मामले को रफा-दफा करने के नाम पर ऑनलाइन रुपए ऐंठते थे। मामले की शिकायतें भारत सरकार के प्रतिविम्ब पोर्टल पर लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना भौंती पुलिस ने अपराध क्रमांक 45/26 में फरार चल रहे आरोपी भरत उर्फ भारत लोधी उम्र 36 वर्ष और अनिल लोधी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम तिंधारी को मुखबिर सूचना पर नया खेड़ा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी से कमाई गई रकम से टीव्हीएस अपाचे बाइक खरीदी थी। पुलिस ने एक अपाचे मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, एसआई संजय कुमार भगत, आरक्षक अभयराज सिंह, पीकेश कुमार, मलखान गुर्जर, रामप्रसाद गुर्जर एवं दुर्गाविजय रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


