आधी रात को पिछोर थाने पहुंचीं एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया, हवालात से मालखाने तक किया बारीकी से निरीक्षण

MP DARPAN
0

एसपी ने दिए अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

शिवपुरी। जिले में अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों पर अंकुश लगाने और पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने मंगलवार देर रात थाना पिछोर का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से थाना स्टाफ में हलचल मच गई।

एसपी ने थाने पहुंचते ही महत्वपूर्ण रजिस्टरों, अपराध रिकॉर्ड, मालखाने और हवालात का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्थाओं और दैनिक कार्यप्रणाली की भी गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों से लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने लंबित वारंटों की तामील में तेजी लाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। थाने में आने वाले फरियादियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने की हिदायत देते हुए एसपी ने कहा कि आमजन को तत्काल पुलिस सहायता मिलनी चाहिए। आगंतुकों के बैठने, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। हवालात का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया, वहीं रिकॉर्ड संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top