शिवपुरी। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत एवं बारिश से पहले ही ग्राम पंचायत भटनावर के सरपंच संजय अवस्थी ने विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए एकीकृत शासकीय विद्यालय परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। इस कार्य से विद्यालय में आने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं स्कूल परिसर का स्वरूप भी आधुनिक और आकर्षक बनेगा।
विद्यालय के प्राचार्य श्रीराम वर्मा द्वारा पंचायत को दिए गए सुझाव एवं प्रस्ताव पर त्वरित निर्णय लेते हुए सरपंच संजय अवस्थी ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में पंचायत ने नए सत्र के प्रारंभ होने से पहले ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया, ताकि विद्यार्थियों को पहले दिन से ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विद्यालय परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण होने से प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद गतिविधियों और अन्य शैक्षणिक आयोजनों के संचालन में सुविधा होगी। बारिश और धूल-मिट्टी की समस्या से भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को राहत मिलेगी। सरपंच संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय को सुंदर, स्वच्छ और आधुनिक बनाने के लिए आने वाले समय में भी कई विकास कार्य किए जाएंगे। पंचायत का लक्ष्य विद्यालय परिसर को एक आदर्श शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने सरपंच संजय अवस्थी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नए शिक्षा सत्र एवं बारिश से पहले शुरू किया गया यह कार्य विद्यार्थियों के हित में एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है, जो शिक्षा के प्रति पंचायत की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


