ढाई लाख का मंगलसूत्र और चोरी की बाइक बरामद
गुना। गुना पुलिस ने महिला के गले से मंगलसूत्र लूटकर फरार हुए तीन शातिर बदमाशों को महज 6 घंटे में गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार भार्गव कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय प्रेमाबाई किरार मंगलवार सुबह अपने घर के बाहर खड़ी थीं, तभी बाइक सवार तीन बदमाश उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 365/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सुनियोजित कार्रवाई के चलते पुलिस ने केवल 6 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक पुत्र लक्ष्मण त्यागी उम्र 26 वर्ष निवासी खेडापड़ी मंदिर के पास शिवपुरी, बल्देव पुत्र निर्मल राठौर उम्र 24 वर्ष निवासी कमलागंज शिवपुरी तथा रोहित पुत्र सत्यभान दुबे उम्र 40 वर्ष निवासी लक्ष्मीनगर दिल्ली शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने घटना से एक दिन पहले गुना रेलवे स्टेशन रोड से हीरो स्मार्ट मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 08 एमएम 0926 चोरी की थी। इसी चोरी की बाइक से उन्होंने भार्गव कॉलोनी में स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, घटना से पहले सुबह करीब 7 बजे सुगन चौराहे पर भी एक महिला से लूट का प्रयास किया था, लेकिन असफल रहने पर उन्होंने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा, सउनि विश्वीर सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक नवनीत श्रीवास्तव, रमेश गुर्जर, उमेश शर्मा, आरक्षक नीरज रघुवंशी, साइबर सेल के आरक्षक नीलेश रघुवंशी, राजीव रघुवंशी, नवदीप अग्रवाल, आदित्य सिंह कौरव, कुलदीप भदौरिया तथा सीसीटीवी कंट्रोल प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय, सउनि भूपेन्द्र सेंगर, आरक्षक ओमचरण कुशवाह, राजेश जाटव, महिला आरक्षक प्रिया टुंडेले, साक्षी सिकरवार एवं प्रियंका चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

