खनिज माफियाओं पर कार्रवाई, 1999 घनमीटर अवैध खनिज जप्त, जेसीबी-डम्पर एवं दो मिक्सर मशीन भी पकड़े

MP DARPAN
0

अवैध परिवहन के 6 मामलों में 8.61 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला

शिवपुरी। जिले में अवैध खनन और खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर करारा शिकंजा कसा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर गठित जिला टास्क फोर्स ने कोलारस क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध खनिज, मशीनरी और वाहन जप्त किए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोलारस के नेतृत्व में तहसीलदार एवं खनिज निरीक्षक की संयुक्त टीम ने ग्राम पड़ोरा स्थित सर्वे क्रमांक 681/1 का निरीक्षण किया। जांच में बिना वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर खनिज भंडारण का खुलासा हुआ। मौके से लगभग 555 घनमीटर एम-सैंड और 1444 घनमीटर गिट्टी सहित कुल 1999 घनमीटर खनिज सामग्री जप्त की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध भंडारण में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन, एक डम्पर और दो फिलोरी (मिक्सर मशीन) भी जब्त कर पुलिस थाना कोलारस की अभिरक्षा में खड़ी कराई गईं। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय कलेक्टर को भेजा गया है। इधर अवैध परिवहन पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर न्यायालय द्वारा अवैध परिवहन के 6 प्रकरणों में जप्त 6 डम्पर एवं हाईवा वाहनों के मालिकों पर अधिकतम अर्थदंड लगाया गया। इस कार्रवाई के तहत 8 लाख 61 हजार 376 रुपये की राशि शासन हित में जमा कराई गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top