शिवपुरी। बदरवास के सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता के घर हुई 10 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना बदरवास, रन्नोद और इन्दार की संयुक्त टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त सफेद बुलेरो कार जब्त की गई है।
23 मई 2026 को प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता ने घर से सोने-चांदी के जेवरात और 10 लाख रुपये चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। सबसे पहले बुलेरो चालक पुरुषोत्तम गुर्जर निवासी खेजरा अटारी, अशोकनगर को पकड़ा गया। पूछताछ में गुज्जर पारदी निवासी सिंगवासा और मंगतराम पारदी निवासी होशियारपुर पंजाब का नाम सामने आया। जांच में खुलासा हुआ कि मनोज परिहार मांगरोल, शिवजीत यादव छोटी खजूरी, शिवकुमार यादव पीरोंठ और धीरज परिहार बगवासा ने पारदी गिरोह से संपर्क कर उन्हें बदरवास बुलाया तथा करीब डेढ़ माह तक प्राचार्य के मकान की रेकी कराई। पूछताछ में गुज्जर पारदी और पुरुषोत्तम गुर्जर ने शिवपुरी के सिंहनिवास गांव में हुई एक अन्य चोरी की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है। उक्त कार्रवाई में इंचार्ज थाना प्रभारी शिखा तिवारी, थाना प्रभारी अरविंद चौहान, थाना प्रभारी विवेक यादव, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र जाट, गोपाल बाबू, राकेश शिवहरे, रघुवीर सिंह मखेनिया, जगेश सिकवार, विकास चौहान, अवदेश शर्मा, अनित बुनकर, संदीप राठौर, भंगू भिलाला, महेश पटेलिया, राहुल परिहार, अनिल सिकवार, सदन भिलाला, रिंकू माहौर, राजकुमार भिलाला, चालक दीनू रघुवंशी एवं सैनिक वेद प्रकाश की सराहनीय भूमिका रही।


