टाइगर रिजर्व से टॉय ट्रेन तक का सफर, स्काउटिंग को बताया जीवन जीने की कला
शिवपुरी। तमिलनाडु के प्रसिद्ध हिल स्टेशन ऊटी में आयोजित राष्ट्रीय हाइक एवं ट्रेकिंग शिविर में शामिल होकर शिवपुरी का 22 सदस्यीय स्काउटर दल लौट आया। भारत स्काउट एवं गाइड्स मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में ग्वालियर संभाग के 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें शिवपुरी का दल भी शामिल रहा।
जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन, जिला मुख्य आयुक्त तरुण अग्रवाल के निर्देशन तथा सहायक राज्य संगठन आयुक्त शंकर सिंह के सानिध्य में आयोजित शिविर में 5 से 9 जून तक स्काउटर्स ने भागीदारी की। जिला सचिव कमलकांत कोठारी ने कहा कि स्काउटिंग केवल गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रेम सिखाने वाली जीवन शैली है। शिवपुरी से शामिल एपीसी उमेश करारे, सुदर्शन गुप्ता, बृजेन्द्र भार्गव कुल्लू, स्नेहसिंह रघुवंशी, अनिल पाराशर और कृष्णकांत भार्गव ने बताया कि शिविर के दौरान ऊटी, कुन्नूर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विविधताओं को करीब से समझने का अवसर मिला। दल ने विश्व प्रसिद्ध मुधुमलाई टाइगर रिजर्व का भ्रमण कर हाथियों सहित वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखा। वहीं चाय के बागानों का अवलोकन कर चाय और चॉकलेट निर्माण की प्रक्रिया भी जानी। महेश भार्गव, ममता तिवारी, वीना गोलिया, बलराम त्रिपाठी और पंकज पाण्डेय ने बताया कि भ्रमण के दौरान विश्व धरोहर ऊटी टॉय ट्रेन, डोडाबेट्टा पीक, पायकारा फॉल्स तथा ईशा योग केंद्र स्थित आदि योगी के दर्शन विशेष आकर्षण रहे। शिवपुरी लौटने पर विवेक श्रीवास्तव एवं जिला शिक्षा विभाग ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके अनुभवों को साझा कर सम्मानित किया।


