आम तोड़ने के विवाद में महिला की हत्या, पिता-पुत्र समेत दो आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम अछरौनी में आम तोडऩे के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा एक महिला की मौत का कारण बन गया। पुलिस ने हत्या के मामले में पिता-पुत्र समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें उपजेल पिछोर भेज दिया गया।

खनियांधाना टीआई केदार सिंह यादव के अनुसार 19 मई 2026 को ग्राम अछरौनी निवासी 50 वर्षीय खुमनिया प्रजापति अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उनके देवर सिरनाम प्रजापति, भतीजा राहुल प्रजापति तथा लुक्का उर्फ सोनसिंह प्रजापति वहां पहुंचे और साझा आम के पेड़ से आम तोडऩे को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि गाली-गलौज के बीच सिरनाम ने लाठी से खुमनिया के सिर पर हमला कर दिया, जबकि राहुल और सोनसिंह ने भी मारपीट कर उन्हें तथा रामकुमार प्रजापति को घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल खुमनिया का उपचार ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़कर जांच तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के निर्देशन में खनियाधाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सिरनाम प्रजापति उम्र 52 वर्ष और उसके पुत्र लुक्का उर्फ सोनसिंह उर्फ सोहनसिंह प्रजापति उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आवश्यक जब्ती कार्रवाई कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उपजेल पिछोर भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी केदार सिंह यादव, रामसिंह भिलाला, हजारीलाल जाटव, जगदीश शरण बंजारा, नरेन्द्र सिंह पाल, नीतू सिंह, हीरा सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top