ट्रांसफर रद्द नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
शिवपुरी। प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले आम बात होते हैं, लेकिन करैरा में एसडीएम अनुराग निंगवाल के स्थानांतरण ने ऐसा जनाक्रोश पैदा किया कि लोग सड़कों पर उतर आए। शनिवार को बड़ी संख्या में नागरिकों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और तबादला आदेश निरस्त करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एसडीएम अनुराग निंगवाल के कार्यकाल में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण हुआ। राजस्व मामलों से लेकर जनसुनवाई तक, उन्होंने प्रशासन को जनता के दरवाजे तक पहुंचाने का काम किया। लोगों का आरोप है कि भू-माफियाओं, अवैध उत्खनन और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई से कई प्रभावशाली लोगों के हित प्रभावित हुए थे। जनता ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि निंगवाल का तबादला क्षेत्र की जनता की भावनाओं के विपरीत है। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गर्मा गया जब कुछ लोगों ने करैरा विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विधायक मुर्दाबाद के नारों से तहसील परिसर गूंज उठा। हालांकि, इस पूरे मामले में विधायक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तबादला आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि यह केवल एक अधिकारी के तबादले का मुद्दा नहीं, बल्कि उस प्रशासनिक व्यवस्था को बचाने की लड़ाई है जिस पर जनता ने भरोसा जताया था।
करैरा ने नम आंखों से दी एसडीएम निंगवाल को विदाई

प्रशासनिक स्थानांतरण के तहत एसडीएम अनुराग निंगवाल के शिवपुरी जिला मुख्यालय स्थानांतरण पर रामराज गार्डन स्थित होटल आर.आर. इन में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में तहसीलदार ललित शर्मा, जनपद सीईओ हेमंत सूत्रकार, जेलर सुनील शर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी एल.एस. मीणा, वीईओ मुकेश शर्मा, साहित्यकार प्रमोद भारती, पूर्व पार्षद दिलीप यादव, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद जैन, सौरभ भार्गव, अशोक दुबे, असलम खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर निंगवाल का सम्मान किया और उनके कार्यकाल को जनहितैषी बताते हुए कहा कि उन्होंने जनसुनवाई को प्राथमिकता देकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया। कृषि उपज मंडी के सुचारू संचालन और प्रशासन-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही। समारोह में हेमंत सूत्रकार द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने माहौल को भावुक कर दिया, जबकि संचालन प्रमोद भारती ने किया। इस अवसर पर ललित शर्मा, सुनील शर्मा, एल.एस. मीणा, मुकेश शर्मा, प्रमोद जैन, सौरभ भार्गव, दिलीप यादव और सोनू निगम ने अपने विचार व्यक्त कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नए एसडीएम अनुपम शर्मा ने संभाली कमान, विभिन्न शाखाओं का लिया जायजा
करैरा अनुविभाग के नए अनुविभागीय अधिकारी एवं दंडाधिकारी अनुपम शर्मा ने विधिवत पदभार ग्रहण कर प्रशासनिक कार्यों की कमान संभाल ली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा न्यायालयों के रीडरों, अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। एसडीएम शर्मा ने निर्वाचन शाखा, कानूनगो शाखा सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कार्यों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार लज्जाराम राजोरिया सहित कार्यालयीन स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।