यातायात सुधार के लिए प्रशासन का बड़ा अभियान, पार्किंग व अतिक्रमण पर सख्ती
शिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और जाममुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में शहर के सबसे व्यस्त मार्ग कोर्ट रोड को पहले चरण में ‘आदर्श रोड’ के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर अमल शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने यातायात पुलिस द्वारा तैयार प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा कर सहमति प्रदान की।
नई व्यवस्था के तहत कोर्ट रोड पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए अस्पताल चौराहा और माधव चौक से कोर्ट रोड की ओर सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक सभी प्रकार के तीन और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इससे बाजार क्षेत्र में पैदल आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। अतिक्रमण हटाने की दिशा में भी प्रशासन ने ठोस कदम उठाए हैं। कोर्ट रोड पर अव्यवस्थित रूप से खड़े हाथ-ठेलों को व्यवस्थित रूप से ठंडी सड़क पर स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं सब्जी मंडी क्षेत्र में भी ठेलों को हटाकर व्यवसायियों के लिए नियोजित स्थान निर्धारित किए जाएंगे। बर्तन बाजार के सामने संकरे हिस्से को पूर्णतः नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। बाजार आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए मंडी क्षेत्र, टेकरी रोड स्थित गर्ल्स स्कूल के आसपास तथा गांधी चौक पर विशेष दो-पहिया पार्किंग स्पॉट विकसित किए जाएंगे। इसके लिए सफेद पट्टियों की मार्किंग कर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बनाई जाएगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष मॉनिटरिंग टीम का गठन भी किया जाएगा, जो प्रतिबंधित समय में वाहनों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था और अतिक्रमण की नियमित निगरानी करेगी। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती भूटिया ने नागरिकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शिवपुरी के निर्माण में जनसहभागिता ही सबसे बड़ी शक्ति है। प्रशासन का उद्देश्य शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और सुगम बनाना है।


