पिछोर (नीरज गुप्ता)। पिछोर नगर में शासन की महत्वाकांक्षी आनंदम विभाग योजना के तहत पोस्ट ऑफिस के पास नरसिंह मोहल्ले में स्थापित नेकी का चबूतरा अब बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। जिस उद्देश्य से इस चबूतरे की शुरुआत की गई थी कि नगरवासी अपने घरों में अनुपयोगी सामान यहाँ रखकर जरूरतमंदों की मदद कर सकें, वह पूरी तरह धुंधला होता नजर आ रहा है। वर्तमान में यह स्थल अव्यवस्था और उपेक्षा का शिकार है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चबूतरे के चारों ओर न तो कोई बाउंड्री वॉल है और न ही फेंसिंग, जिसके कारण आवारा पशु यहाँ आराम करते हैं और जगह-जगह गंदगी फैला रहे हैं। इससे न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है, बल्कि योजना की मूल भावना भी आहत हो रही है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि रखरखाव के लिए न तो कोई गार्ड तैनात है और न ही नियमित देखरेख की व्यवस्था दिखाई देती है। सामाजिक न्याय विभाग और नगर परिषद की अनदेखी से यह जनहितकारी योजना धीरे-धीरे अपनी पहचान खोती जा रही है। नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो नेकी का चबूतरा जरूरतमंदों के सहारे की जगह अव्यवस्था का प्रतीक बनकर रह जाएगा।


