डबरा में विकास ठप, सड़कें जर्जर, पानी संकट गहराया, पार्षद सुनीता राजौरिया ने राज्यपाल–मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

MP DARPAN
0

डबरा। नगर पालिका परिषद डबरा में व्याप्त प्रशासनिक शिथिलता, अधूरे विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर जनाक्रोश खुलकर सामने आ गया। वार्ड क्रमांक 16 की पार्षद श्रीमती सुनीता महाराज सिंह राजौरिया ने कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ मिलकर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम डबरा को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित सुधार की मांग की।

ज्ञापन में अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे सीवर और जलप्रदाय कार्यों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए। कई सड़कों को खोदकर महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड 16 में नाले पर पुलिया एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य की स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद लगभग 18 माह से काम शुरू न होने पर सवाल उठाए गए। पेयजल संकट को लेकर भी गंभीर स्थिति बताई गई। कई वार्डों में पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हैं, मोटरें खराब पड़ी हैं और जलापूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है। वार्ड 16 में स्थिति विशेष रूप से खराब बताते हुए नए नलकूप खनन की मांग की गई। शहर की सड़कों की हालत बेहद दयनीय बताई गई। पुराना गाड़ी अड्डा रोड, हनुमानगंज डाणा क्षेत्र, ओवरब्रिज के नीचे, लक्ष्मी कॉलोनी, ठाकुर बाबा रोड, शुक्ला डेयरी मार्ग और बुजुर्ग रोड सहित कई मार्गों पर गड्ढों की भरमार है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, राशन कार्ड और जनकल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता की कमी पर भी सवाल उठाए गए। गौशालाओं में चारा-पानी की कमी और गौवंश संरक्षण व्यवस्था की बदहाली पर चिंता जताई गई। ज्ञापन में पार्षद ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान तीन दिवस में नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राज बहादुर सिंह रावत, पार्षद हरविंदर सिंह हीरा, कमलेश बाथम, सुमित साहू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ नेता दीपक खरे, जावेद बेग, राजेंद्र मिलन, केदार रावत, जमील खान, देव बंसल, रोहित सेन, इकरार खान, सत्येंद्र धाकड़, आदिराम झा, मंसूर हुसैन, लच्छी प्रजापति, छन्नू जाटव, भगवान लाल कुशवाहा, गजेंद्र सिंह जाटव, सूर्यभान सिंह कुशवाहा, एवरन सिंह रावत, सुनीता नाथों बाई, लक्ष्मण सिंह, निम्मो बाई सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top