साइबर सेल ने 5.46 लाख रुपये की ठगी राशि पीड़ित को वापस दिलाई

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में साइबर सेल शिवपुरी ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर फ्रॉड में ठगी गई संपूर्ण राशि पाँच लाख छियालीस हजार तीन सौ सोलह रुपये फरियादी को वापस दिला दी।

प्रकरण में शिकायतकर्ता प्रवीण वर्मा पुत्र गजाधर प्रसाद वर्मा, निवासी पोहरी, जिला शिवपुरी ने 3 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि अज्ञात आरोपी द्वारा उनके बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते से धोखाधड़ी कर राशि निकाल ली गई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उनि. धर्मेन्द्र सिंह जाट एवं टीम ने तत्काल जांच प्रारंभ की। जांच में पाया गया कि ठगी की गई राशि एस वी सी सहकारी बैंक लिमिटेड, आई डी एफ सी फर्स्ट बैंक एवं यस बैंक के खातों में स्थानांतरित की गई थी। साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित खातों में राशि होल्ड कराई और न्यायालय आदेश के माध्यम से बैंकों से समन्वय स्थापित कर संपूर्ण राशि वापस कराई। इस पूरी कार्रवाई में उनि. धर्मेन्द्र सिंह जाट, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक जलज रावत, दामोदर परिहार, आलोक व्यास एवं भूपेन्द्र यादव की सराहनीय भूमिका रही। राशि वापस मिलने पर प्रवीण वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक, फर्जी ऐप, ओटीपी साझा करने से बचें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top