पीड़ितों की फरियाद पर एसपी सख्त, अधिकारियों को अल्टीमेटम

MP DARPAN
0

100 से अधिक शिकायतों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

शिवपुरी। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आज आमजन की समस्याओं पर सख्त और निर्णायक रुख देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने स्वयं उपस्थित होकर फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे 100 से अधिक फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं प्रशासनिक समस्याएं प्रस्तुत कीं। कई पीडि़तों ने लंबे समय से लंबित मामलों को लेकर नाराजगी और पीड़ा भी व्यक्त की। सुनवाई के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, धोखाधड़ी एवं पुलिस कार्रवाई से असंतोष जैसे गंभीर मामले सामने आए। सभी शिकायतों को प्राथमिकता पर लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं जांच अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण जांच कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने सख्त शब्दों में कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पीडि़तों को न्याय दिलाने का सीधा माध्यम है। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। जनसुनवाई में सीएसपी शिवपुरी संजय चतुर्वेदी सहित समस्त थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top