शिवपुरी। भौंती थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को रंगे हाथों दबोचते हुए उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी और सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 पत्तों की ताश गड्डी, 15,160 रुपये नगद, 04 मोटर साइकिल और 07 मोबाइल फोन जब्त किए। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 3,20,160 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि भौंती क्षेत्र में सुरेश राजपूत के घर के पास कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी भौंती निरीक्षक घनश्याम भदौरिया के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में जयप्रकाश पुत्र रामस्वरूप कशाव (गुप्ता), जयकुमार उर्फ जैकी पुत्र अतर सिंह लोधी, नरेन्द्र झा पुत्र मुन्नालाल झा, आशीष कलावत पुत्र भगवान सिंह कलावत, प्रहलाद लोधी पुत्र संतोष लोधी, राजकुमार गुप्ता पुत्र सीताराम गुप्ता तथा सुरेश राजपूत पुत्र बैजनाथ राजपूत शामिल हैं। चूंकि प्रकरण में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान होने पर आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कर छोड़ दिया गया, जबकि थाना भौंती में अपराध क्रमांक 183/26, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, सउनि संजय भगत, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, दुर्गा विजय रावत और गजेन्द्र शर्मा की अहम भूमिका रही।


