अखिल भारतीय 7 ए साइड फुटबॉल चैंपियनशिप: अंडर-14 वर्ग में जीसीएफसी गाजियाबाद, अंडर-17 वर्ग में हैप्पीडेज स्कूल बने चैंपियन, 22 टीमों में दिखा रोमांच

MP DARPAN
0

शिवपुरी। स्थानीय हैप्पीडेज स्कूल में आयोजित अखिल भारतीय 7 ए साइड फुटबॉल चैंपियनशिप में देशभर की 22 टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में खेले गए फाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। अंडर-14 वर्ग में जीसीएफसी गाजियाबाद, अंडर-17 वर्ग के फाइनल में हैप्पीडेज स्कूल शिवपुरी एवं अंडर-19 वर्ग में एसएमएस क्लब दिल्ली ने खिताब अपने नाम किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, स्कूल चेयरमैन अरविंद लाल दीवान, अर्जुन दीवान, डायरेक्टर श्रीमती गीता दीवान, प्रिंसिपल श्रीमती अंजू शर्मा एवं विनय श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

अंडर-17 वर्ग के फाइनल में हैप्पीडेज स्कूल शिवपुरी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिरला फुटबॉल क्लब ग्वालियर को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम ने पूरे मैच में मजबूत डिफेंस और आक्रामक रणनीति के दम पर जीत दर्ज की। वहीं अंडर-14 वर्ग में जीसीएफसी गाजियाबाद ने कड़े मुकाबले में लिटिल एंजेल ग्वालियर को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में एसएमएस क्लब दिल्ली ने कालका एफसी नोएडा को 2-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार अंडर-14 में जीसीएफसी गाजियाबाद प्रथम तथा लिटिल एंजेल ग्वालियर द्वितीय स्थान पर रही। अंडर-17 में हैप्पीडेज स्कूल शिवपुरी प्रथम तथा बिरला फुटबॉल क्लब ग्वालियर द्वितीय स्थान पर रहा। अंडर-19 में एसएमएस क्लब दिल्ली विजेता और कालका एफसी नोएडा उपविजेता रही। कार्यक्रम में 7 ए साइड सोकर फेडरेशन के सचिव दिनेश बिष्ट, महेंद्र उपाध्याय एवं पवन त्यागी भी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में खेल विभाग के मनोज मितई, गिर्राज शर्मा, मृदुल शर्मा, मनीष राठौर, भरत जाटव, चिंतन गुप्ता सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top