पिछोर (नीरज गुप्ता)। नगर परिषद की कथित अनदेखी और लापरवाही के चलते पिछोर का मुख्य बस स्टैंड इन दिनों अव्यवस्था और अतिक्रमण का केंद्र बनता जा रहा है। बस स्टैंड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा अनाधिकृत रूप से ठेले लगाकर कब्जा कर लेने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छोटे सब्जी विक्रेता बिना नगर परिषद की रसीद या निर्धारित अनुमति के ही बस स्टैंड परिसर और मुख्य मार्गों पर बैठकर कारोबार कर रहे हैं। इससे न केवल नगर परिषद की राजस्व व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि खुलेआम कथित अवैध वसूली और अतिक्रमण की स्थिति भी बनी हुई है।
बस स्टैंड पर रोजाना जाम जैसे हालात
प्रतिदिन बस स्टैंड के बीचों-बीच और मुख्य मार्गों पर ठेले लगने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। यात्रियों और राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि वाहनों के आपस में टकराने और लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
आवारा पशुओं का भी खतरा बढ़ा
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित बाजार के कारण आवारा पशुओं की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे राहगीरों पर हमले और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
नगर परिषद को कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। नागरिकों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
पुलिस की सख्ती से हड़कंप
स्थिति बिगड़ने पर आज शाम पुलिस विभाग ने बस स्टैंड क्षेत्र में अभियान चलाकर फल-सब्जी विक्रेताओं को हटाया और स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में मुख्य मार्ग या बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में पुलिस सब इंस्पेक्टर बी.एल. दोहरे, एएसआई बंजारा, एएसआई परमाल सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


