स्कूल बसों पर आरटीओ की कार्रवाई, 6 बसें दोषी, एक जब्त, 13 हजार रूपए का जुर्माना वसूला

MP DARPAN
0

शिवपुरी। नए शैक्षणिक सत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर आरटीओ विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान में बड़ी कार्रवाई की। प्रदेशव्यापी 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत मंगलवार को आरटीओ श्रीमती रंजना सिंह कुशवाहा और यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने हैप्पी डेज स्कूल एवं सेंट बेनेडिक्ट स्कूल की 12 बसों का निरीक्षण किया। जांच में सुरक्षा मानकों और मोटर व्हीकल नियमों का उल्लंघन मिलने पर ६ बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार रूपए का समन शुल्क वसूला गया, जबकि गंभीर खामियां मिलने पर एक बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेज दिया गया।

आरटीओ श्रीमती रंजना सिंह कुशवाहा ने जांच के दौरान बसों के दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन, सुरक्षा उपकरण और तकनीकी स्थिति की बारीकी से पड़ताल की। कई बसों में खराब टायर, स्टेपनी की खराब स्थिति, बिना नेम प्लेट संचालन, क्लीनर के पास वैध बैज का अभाव तथा यातायात नियमों के उल्लंघन जैसी कमियां सामने आईं। इसके अलावा बस संचालक निर्धारित सीसीटीवी फुटेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर उन्हें कड़ी चेतावनी और आवश्यक निर्देश दिए गए। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में की गई। यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव एवं आरटीओ टीम ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top