शिवपुरी को मिला आधुनिक डाकघर, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने किया लोकार्पण

MP DARPAN
0

डिजिटल सुविधाओं से लैस हुआ मुख्य डाकघर, गुना-ग्वालियर के तीन डाकघरों को भी मिली नई पहचान

शिवपुरी। शहर को आधुनिक जनसुविधा की दिशा में नई सौगात मिली। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को अत्याधुनिक मुख्य डाकघर का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इसी के साथ गुना और ग्वालियर के तीन अन्य डाकघरों का भी लोकार्पण हुआ। शिवपुरी का डाकघर जनसेवा कनेक्ट पहल के तहत नागरिक-केंद्रित सुविधाओं और डिजिटल व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया गया है। खास बात यह रही कि सिंधिया ने स्वयं मशीन से टोकन लेकर उपस्थित नागरिकों को नई व्यवस्था की कार्यप्रणाली और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी। सिंधिया ने कहा कि यह केवल नया भवन नहीं, बल्कि बदलती जरूरतों के अनुरूप डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में कदम है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेलवे और अब डाक सेवाओं के विस्तार के साथ विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

सिंधिया ने किया शिवपुरी में देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर का भूमिपूजन

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर का भूमिपूजन किया। आधुनिक तकनीक और नई पीढ़ी के कौशल से सुसज्जित इस केंद्र से मध्य प्रदेश के डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए करीब 600 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। सहारनपुर, वडोदरा, मैसूर, गुवाहाटी, मदुरई और दरभंगा के बाद यह देश का सातवां केंद्र होगा। सिंधिया ने कहा कि केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल डाक सेवा और विकसित भारत के संकल्प को गति देगा। उन्होंने बताया कि डाक विभाग का राजस्व 2024 के 13,218 करोड़ से बढ़कर 2025 में 15,296 करोड़ रुपये पहुंच गया। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र जैन, महेंद्र यादव, प्रीतम लोधी, कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यालय संगठन की आत्मा : सिंधिया 

भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में सिंधिया ने कार्यकर्ताओं को संगठन की जड़ों और सिंधिया परिवार की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से जोडऩे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन का कार्यालय उसके कार्यकर्ताओं की आत्मा होता है। उन्होंने राजमाता विजयाराजे सिंधिया के भाजपा निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना ही संगठन की असली ताकत है। 

राशन की कालाबाजारी पर सिंधिया के सख्त तेवर

कोलारस क्षेत्र में राशन की कालाबाजारी की शिकायतों पर सिंधिया ने प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में करोड़ों गरीब परिवारों तक मुफ्त राशन पहुंचाया जा रहा है, ऐसे में गरीब के हक पर डाका डालना गंभीर अपराध है। उन्होंने चेताया कि राशन की कालाबाजारी करने वाले सेल्समैन को जेल भेजा जाएगा। भू-माफिया और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी उन्होंने सख्त कार्रवाई का संदेश दिया। कार्यक्रमों में विधायक देवेंद्र जैन, महेंद्र यादव, प्रीतम लोधी, रमेश खटीक, कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top