पोहरी में 132 केवी सब-स्टेशन की मांग, किसानों को 10 घंटे बिजली दिलाने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मिले पूर्व विधायक प्रहलाद भारती

MP DARPAN
0

पूर्व विधायक ने सौंपे मांग पत्र, बोले- 10 घंटे के बजाय महज 4-5 घंटे मिल रही बिजली, लो-वोल्टेज से किसान परेशान

शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट के स्थायी समाधान की मांग को लेकर पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त प्रहलाद भारती ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपे। उन्होंने पोहरी में 132 केवी विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण कराने और किसानों को निर्धारित 10 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

प्रहलाद भारती ने मंत्री सिंधिया को अवगत कराया कि विधानसभा क्षेत्र एवं विकासखंड मुख्यालय होने के बावजूद पोहरी में बिजली की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को शासन के नियमानुसार कृषि कार्य के लिए 10 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन कथित तौर पर उन्हें अनियमित रूप से केवल 4 से 5 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। लो-वोल्टेज और बिजली कटौती के कारण सिंचाई प्रभावित हो रही है तथा मोटर पंप खराब होने की समस्या भी सामने आ रही है! उन्होंने कहा कि रबी की बोवनी के महत्वपूर्ण समय में बिजली संकट किसानों की परेशानी बढ़ा रहा है। पर्याप्त सिंचाई नहीं मिलने से फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीण आबादी में भी लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। पूर्व विधायक भारती ने सिंधिया से पोहरी में 132 केवी सब-स्टेशन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने तथा क्षेत्र के सभी विद्युत वितरण केंद्रों और फीडरों पर किसानों को निर्धारित 10 घंटे निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का आग्रह किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top