पिछोर में आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, 22 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त और 1500 किलो लाहन मौके पर किया नष्ट

MP DARPAN
0

1.54 लाख का मशरूका बरामद, तीन प्रकरण दर्ज 

शिवपुरी। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने गुरुवार को पिछोर क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 22 लीटर हाथभट्टी मदिरा और 1500 किलो लाहन जब्त किया। मौके पर बरामद लाहन को नष्ट कराया गया। कार्रवाई में जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.54 लाख रुपए बताई गई है। विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में तथा जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वृत्त पिछोर प्रभारी राहुल गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी टीम ने लभेड़ा तिराहा, पिछोर और पनया चौराहा सहित संबंधित क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही हाथभट्टी शराब एवं शराब बनाने में प्रयुक्त लाहन बरामद हुआ। विभाग ने मौके पर ही 1500 किलो लाहन नष्ट कराया। मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(ए) के तहत कुल तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी राहुल गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, बृजराज शर्मा सहित आबकारी बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top