आबकारी एक्ट में केस दर्ज, आरोपी की तलाश तेज
शिवपुरी। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ पिछोर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 पेटी देशी प्लेन शराब से भरी बलेनो कार जब्त की है। पुलिस की घेराबंदी देख चालक कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब और कार सहित कुल 5 लाख 58 हजार रुपए का मशरूका जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसपी यांगवेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, एएसपी आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में की गई।
पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात थाना पिछोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की बलेनो कार क्रमांक यूपी 16 बीके 0079 में अवैध शराब भरकर मायापुर से पिछोर की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लभेड़ा तिराहे पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार मायापुर की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को लभेड़ा रोड की ओर तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो मन्टेना कंपनी के पास रास्ता अवरुद्ध होने पर चालक कार छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार में 27 पेटी देशी प्लेन मदिरा मिली, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 8 हजार रुपए आंकी गई। वहीं बलेनो कार की कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 449/26, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। उक्त कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उनि रामकिशोर जोशी, उनि सुबोध टोप्पो, सउनि अरविन्द सगर, आरक्षक धर्मेन्द्र लोधी, विकास शिवहरे, योगेन्द्र मल्होत्रा एवं भूपेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।


