आधा सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
शिवपुरी। बदलते सामाजिक परिवेश में सास-बहू के रिश्ते को लेकर बनी पारंपरिक धारणाओं के बीच पिछोर में पहली बार सास-बहू दिवस का अनोखा आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिछोर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचीं आधा सैकड़ा से अधिक सास-बहुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे को गले मिलकर परिवार में प्रेम, सम्मान और सामंजस्य बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सास-बहू के बीच होने वाले मतभेदों और सामाजिक रूढिय़ों को दूर कर रिश्ते में मधुरता, आपसी समझ और घनिष्ठता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सासों द्वारा अपनी बहुओं को तिलक लगाकर, गुलाब का फूल और उपहार देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इस दौरान महिलाओं ने पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने और एक-दूसरे के सम्मान की शपथ भी ली। आयोजकों ने बताया कि सामाजिक स्तर पर 1 अक्टूबर को बहुरानी दिवस, जिसे आम बोलचाल में सास-बहू दिवस भी कहा जाता है, मनाने की परंपरा मध्यप्रदेश के राजगढ़ में लाल चुनर संस्था द्वारा वर्ष 2021 में शुरू की गई थी। इसी सकारात्मक पहल को पिछोर में आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम की आयोजक समाजसेवी एवं महिला मोर्चा विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्ध घुमन्तु जनजाति महासंघ की जिला अध्यक्ष श्रीमती किरण पाल (पिछोर) रहीं। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष प्रीति पाल ने की। आयोजन में जूली जाटव, ममता बंशकार, रानी पाल, रानी जाटव, पूजा लोधी, भारती लोधी, शिवानी लोधी, पुष्पा पाल, सूरज पाल और अखिलेश पाल का सहयोग रहा।


