दून पब्लिक स्कूल में पहली बार हुआ अंडर-14 इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट, आठ स्कूलों ने लिया हिस्सा
शिवपुरी। दून पब्लिक स्कूल में पहली बार आयोजित दो दिवसीय अंडर-14 इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी भिड़ंत में हैप्पी डेज स्कूल ने आखिरी क्षणों तक चले संघर्ष में सेंट बेनेडिक्ट स्कूल को 4-3 से पराजित कर दून ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और अंतिम समय तक मैच बेहद रोमांचक बना रहा।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी जीत के लिए लगातार आक्रमण करते रहे। मैच के अंतिम दो मिनट शेष रहते हैप्पी डेज स्कूल के कान्हा सेन ने बेहतरीन फ्री-किक पर गोल दागकर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। इस गोल के साथ ही मैदान पर मौजूद खिलाडिय़ों और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और हैप्पी डेज स्कूल ने खिताबी जीत दर्ज कर ली। दून पब्लिक स्कूल की मेजबानी में आयोजित इस प्रथम अंडर-14 फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल आठ स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें हैप्पी डेज स्कूल, सेंट बेनेडिक्ट स्कूल, बाल शिक्षा निकेतन और ईस्टर्न हाइट स्कूल सहित अन्य स्कूलों की टीमें शामिल रहीं। नॉकआउट आधार पर खेले गए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए हैप्पी डेज और सेंट बेनेडिक्ट ने फाइनल में जगह बनाई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ब्लॉक खेल अधिकारी विवेक वर्धन शर्मा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ रहने और शारीरिक फिटनेस के लिए किसी न किसी खेल से नियमित रूप से जुडऩे का आह्वान किया। रेडिएंट ग्रुप के डायरेक्टर शाहिद खान ने खिलाडिय़ों को टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। वहीं दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने सभी प्रतिभागी स्कूलों, कोचों और प्रबंधन का आभार जताया। टूर्नामेंट का सफल आयोजन कोच समी खान के मार्गदर्शन में हुआ। विभिन्न स्कूलों के कोचों ने दून पब्लिक स्कूल के खेल मैदान और आयोजन व्यवस्था की सराहना करते हुए भविष्य में भी प्रतियोगिता में टीम भेजने की बात कही।


