जिले में खाद की कमी नहीं, 35 हजार 508 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध : उपसंचालक कृषि शाक्य

MP DARPAN
0

किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था, व्हाट्सऐप से घर बैठे मिलेगा टोकन

शिवपुरी। रबी सीजन में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को राहत देने वाली खबर है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उपसंचालक मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि 6 अक्टूबर की स्थिति में जिले में 35 हजार 508 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। श्री शाक्य ने बताया कि 1 अक्टूबर से अब तक जिले में 3 हजार 53 मीट्रिक टन खाद वितरित की जा चुकी है। इसमें 1 हजार 734 मीट्रिक टन यूरिया, 756 मीट्रिक टन डीएपी-टीएसपी, 325 मीट्रिक टन एनपीके, 209 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 29 मीट्रिक टन एमओपी शामिल है। वर्तमान में डबल लॉक गोदामों में 8 हजार 320, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में 2 हजार 393 तथा निजी विक्रेताओं के पास 23 हजार 795 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है।

कतार से राहत, मोबाइल पर मिलेगा टोकन

उपसंचालक मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए खाद टोकन वितरण की व्हाट्सऐप बातचीत सेवा शुरू की गई है। किसान मोबाइल में 6269141000 नंबर सुरक्षित कर उस पर Gupshup12 भेजें। इसके बाद जिला, खसरा, फसल, खाद और नजदीकी विक्रेता का चयन कर टोकन जारी कर सकते हैं।

डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके

शाक्य ने रबी फसलों में डीएपी के स्थान पर 12:32:16, 16:16:16, 20:20:0:13, 10:26:26 और 14:35:14 जैसे एनपीके उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी। इससे फसल को आवश्यक पोषक तत्व मिलने के साथ उत्पादन और मिट्टी की उर्वरता में भी सुधार होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top