बच्चों और महिलाओं को जिला पंचायत अध्यक्ष ने खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली

MP DARPAN
0

आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र मदकपुरा में कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

शिवपुरी। बच्चों और महिलाओं को कृमि संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलेभर में कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय पर अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र मदकपुरा में बच्चों एवं महिलाओं को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के निर्देश तथा कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण केंद्रों और मदरसों सहित आंगनवाड़ी केंद्रों पर अभियान चलाया गया। इसके तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों तथा 20 से 49 वर्ष की महिलाओं (डब्ल्यूआरए) को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। अभियान के दौरान प्रशिक्षित शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सीएचओ, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल सेवन के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया, डीपीएम डॉ. शीतल व्यास, डीसीएम जितेंद्र पटेल, आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

जिले में भी हुआ कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

कोलारस के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा सतनवाड़ा के प्राथमिक विद्यालय पिपरसमां में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

छूटे बच्चों को 9 अक्टूबर को मिलेगी दवा

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने बताया कि कृमि मुक्ति दिवस पर जो बच्चे एवं महिलाएं एल्बेंडाजोल की गोली लेने से छूट गए हैं, उन्हें 9 अक्टूबर 2026 को मोप-अप डे के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने छूटे हुए हितग्राहियों से इस अवसर का लाभ लेने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top