कलेक्टर अर्पित वर्मा सख्त, सहकारी बैंक अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश
शिवपुरी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बकाया राशि वसूली में लापरवाही बरतने वालों पर अब कार्रवाई की गाज गिर सकती है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैंक अधिकारियों और समस्त शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक लेकर बकाया राशि की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि प्रत्येक शाखा में बड़े बकायेदारों को तत्काल चिह्नित कर नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं। इसके बावजूद राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी तहसीलदारों को भी वसूली प्रक्रिया में सक्रियता बरतने तथा शाखा प्रबंधकों को कुर्की आदेश जारी कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नोटिस के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। इसमें शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शामिल है। उन्होंने चेताया कि वसूली के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और वित्तीय गड़बडिय़ों पर जीरो टॉलरेंस अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकों में किसानों और आम नागरिकों की जमा पूंजी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई में मिल रही शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में गड़बड़ी मिलने पर शाखा प्रबंधकों को वरिष्ठ कार्यालय को सूचित कर कार्रवाई प्रस्तावित करने को कहा। लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।


