करैरा में 24 से गूंजेगी बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा, दो लाख श्रद्धालुओं के लिए भव्य इंतजाम

MP DARPAN
0

11 हजार महिलाओं की कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, 1200 पुलिसकर्मी से सुरक्षा एवं ड्रोन से होगी निगरानी

शिवपुरी। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर करैरा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 24 से 30 अक्टूबर तक बगीचा धाम, श्रीराम राजा सरकार धाम परिसर में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा से पहले 23 अक्टूबर को 11 हजार महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी, जो करैरा के मुख्य बाजार से होकर गुजरेगी। आयोजन की विशालता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 26 बीघा जमीन पर भव्य डोम तैयार किया गया है, जिसमें डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। वहीं, आठ बीघा भूमि पर भोजनशाला बनाई गई है, जहां श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था होगी।

भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए लगभग 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। करीब 100 बॉडीगार्ड सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, जबकि सीसीटीवी कैमरों, एलईडी स्क्रीन और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। झांसी और शिवपुरी मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए चार अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जबकि आदर्श विद्यालय परिसर में वीआईपी पार्किंग रहेगी। प्रमुख यजमान पंडित राजेश दुबे भोला महाराज के मार्गदर्शन में श्रीराम हनुमान मानव सेवा समिति, सर्व समाज समिति, ब्राह्मण समाज करैरा और आयोजन समिति के करीब एक हजार सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं। कथा का प्रसारण संस्कार चैनल, बागेश्वर धाम यूट्यूब चैनल, नए पन्ने यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर किया जाएगा। मीडिया प्रभारी डॉ. भूपेन्द्र शर्मा विकल ने बताया कि आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top