श्रीराम शोभायात्रा में दिखा क्षत्रिय समाज का शौर्य, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

MP DARPAN
0

शहीद गौरव सेंगर की स्मृति में सतेन्द्र सिंह सेंगर को मिला क्षत्रिय रत्न सम्मान, फाउंडेशन के संस्थापक रघुवीर सिंह गौर ने की 10-10 हजार रुपये के पुरस्कारों की घोषणा

शिवपुरी। दशहरा पर्व पर क्षत्रिय महासभा जिला शिवपुरी के तत्वावधान में श्रीराम शोभायात्रा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। शोभायात्रा में समाज के युवाओं और वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वीरांगनाओं के शस्त्र प्रदर्शन ने जहां सभी का ध्यान आकर्षित किया, वहीं आयोजन ने सामाजिक एकता, शौर्य, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का संदेश दिया।

शोभायात्रा के पश्चात निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन में दीप प्रज्ज्वलन एवं शस्त्र पूजन किया गया। समारोह में संतगणों की उपस्थिति में समाज के वरिष्ठजनों, वृद्धजनों तथा शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, शासकीय सेवाओं, खेलकूद और कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण शहीद स्वर्गीय गौरव सेंगर की स्मृति में समाजसेवी हरिश्चंद्र सिंह सेंगर द्वारा स्थापित क्षत्रिय रत्न सम्मान रहा। यह सम्मान सतेन्द्र सिंह सेंगर को प्रदान किया गया। पहल का उद्देश्य समाजहित में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को पहचान और प्रोत्साहन देना है। बर्ड इसपरिचियूअल फाउंडेशन के संस्थापक रघुवीर सिंह गौर ने आगामी वर्ष से युवा वर्ग, महिलाओं और वृद्धजनों की अलग-अलग श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को 10-10 हजार रुपये के पुरस्कार देने की घोषणा की। इस पहल को सामाजिक सेवा और रचनात्मक योगदान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। वक्ताओं ने शिक्षा, संस्कार, संगठन और आपसी सहयोग को समाज की प्रगति का आधार बताया। निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन में भविष्य में वाचनालय, विद्यार्थियों के ठहरने की व्यवस्था तथा सामाजिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाएं विकसित करने की योजना भी सामने रखी गई। समारोह का समापन सामाजिक एकजुटता और समाजहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top