दर्शन के बाद विकास दुबे चिल्लाया- मैं कानपुर वाला विकास दुबे हूं, मुझे पकड़ लो
उज्जैन। कानपुर के विकरू गांव में 8 पुलिस वालों की हत्या करने के बाद फरार हुआ विकास दुबे गुरूवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में नाटकीय अंदाज में पुलिस की गिरफ् त में आ गया है। जिस अंदाज में वह पकड़ा गया है, उससे उसकी गिरफ्तारी कम और आत्मसमर्पण अधिक लगता है। पुलिस ने एक-एक कर जिस तरह से उसके तीन साथियों को एनकांउटर में ढेर कर दिया था। उससे घबराकर अपनी जान बचाने के लिए उसने आत्मसमर्पण के लिए महाकाल मंदिर को चुना। इस क्षेत्र में सीसीटीव्ही कैमरे लगे होने के कारण उसने अपने आप को सुरक्षित समझा। महाकाल के दर्शन करने के बाद वह चिल्लाया मैं कानपुर वाला विकास दुबे हूं। विकास के दो साथियों बिट्टू और सुरेश को भी गिरफ्तार किया गया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ईनामी गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
विकास गुरूवार सुबह 9 बजे नीली धारियों वाली टी-शर्ट पहने और मास्क लगाए शंख द्वार वाले व्हीआईपी दर्शन के टिकट काउंटर पर गया। जहां उसने 250 रूपए की रसीद कटवाई और अपना नाम विकास दुुबे ही लिखवाया। उसे पता था कि उसकी तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं ओर मंदिर में प्रायवेट सिक्योरिटी के अलावा उज्जैन पुलिस भी तैनात है। उसने अपना मोबाइल नम्बर भी दिया। इसके बाद वह प्रसाद की एक दुकान पर पहुंचा और कहा कि वह अपना बैग रखना चाहता है। बैग रखने के बाद वह महाकाल मंदिर के नई टनल वाले 1 नम्बर गेट से पर्ची दिखाकर दाखिल हुआ। अंदर जाने के दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड को उस पर शक हुआ। उसने पुलिस को सूचना दी। तब तक विकास महाकाल के दर्शन कर चुका था। पुलिस उसकी लोकेशन देखकर मंदिर के अंदर दाखिल हुई और उसे हिरासत में ले लिया। विकास को पकडवाने वाले सिक्योरिटी गार्ड गोपाल सिंह ने बताया कि मैंने उसे पूछताछ के लिए रोका तो वह आनाकानी करने लगा। इस पर मुझे उस पर और ज्यादा शक हुआ और मैंने पुलिस को बुलाया। उसने मेरे साथ झूमाझटकी की। लेकिन पुलिस ने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके पश्चात वह बोला कि मैं कानपुर वाला विकास दुबे हूं मुझे पकड़ लो।
यह लग रहा है प्रायोजित सरेंडर : दिग्विजय सिंह
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह तो उत्तरप्रदेश पुलिस के एनकांउटर से बचने के लिए प्रायोजित सरेंडर लग रहा है। मेरी सूचना है कि मध्यप्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की बजह से यह संभव हुआ है जय महाकाल।
विकास को बचाया गया है : दिवंगत डीएसपी मिश्रा के परिजन
कानपुर शूटआउट में मारे गए दिवंगत डीएसपी देवेंद्र मिश्रा के परिजनों ने बड़ा आरोप लगाया है। रिश्तेदार कमलकांत ने कहा है कि विकास दुबे को बचाया गया है और इसमें बड़े स्तर पर मिलीभगत हुई है।
अखिलेश यादव ने गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विकास दुबे की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पुलिस यह बताए कि यह गिरफ्तारी है या सरेंडर। साथ ही उसके मोबाइल की सीडीआर सार्वजनिक करे। जिससे सच्ची मिलीभगत का भांडाफोड़ हो सके।
विकास ने अपने मोबाइल पर वीडियो भी बनाए
विकास ने गिरफ्तारी से पहले अपने मोबाइल पर कुछ वीडियो भी बनाए। इसके बाद जवानों ने उसे पकड़ लिया। एक्जिट मार्ग से बाहर ले जाकर चौकी में बैठा दिया। इसके बाद पुलिस के अफसरों को जानकारी दी। बाद में पुलिस उसे अज्ञात स्थान पर ले गई।
मुख्यमंत्री शिवराज ने पुलिस को शाबासी दी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास की गिरफ्तारी पर मध्यप्रदेश पुलिस को शाबासी दी। उन्होंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि विकास को उत्तरप्रदेश पुलिस को हैंडऑवर किया जाएगा। दोनों राज्यों की पुलिस इस पर काम कर रही हैं।