पिछोर और खनियांधाना दोनों स्थानों पर जनपद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
शिवपुरी। एक ओर जहां शिवपुरी जिले में पंचायत और नगर पालिका चुनाव में भाजपा आरामदायक स्थिति में है। वहीं पिछोर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री केपी सिंह के किले में भाजपा सैंध नहीं लगा पाई है। जनपद पंचायत पिछोर और जनपद पंचायत खनियांधाना दोनों स्थानों पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है और भाजपा को मायूस होना पड़ा है। जनपद पंचायत पिछोर में कांग्रेस की रितु गुप्ता विजयी हुई है। वहीं खनियांधाना में कांग्रेस की अनीता लोधी की ताजपोशी हुई है। जनपद पंचायत पिछोर मेें अध्यक्ष पद के लिए आज हुए चुनाव में कांग्रेस की रितु गुप्ता ने भाजपा उम्मीदवार सेतू जैन को पराजित किया। कांग्रेस उम्मीदवार रितु गुप्ता को जहां 14 मत प्राप्त हुए। वहीं सेतू जैन तमाम प्रयासों के बाद सिर्फ 11 मत ही प्राप्त कर सके। खनियांधाना में कांग्रेस की अनीता लोधी ने भाजपा प्रत्याशी अजय प्रताप को पछाड़कर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। कांग्रेस प्रत्याशी अनीता लोधी को जहां 16 मत ही प्राप्त हुए। वहीं भाजपा की ओर से प्रत्याशी बने अजय प्रताप महज 9 मत ही प्राप्त कर सके। पिछोर और खनियांधाना में कांग्रेस की ताजपोशी में पूर्व मंत्री केपी सिंह की अहम भूमिका रही। कक्काजू ने खनियांधाना में ऐसे प्रत्याशी के नाम पर सहमति जताई, जिसके पास कई जनपद सदस्य थे। इस रणनीति के कारण खनियांधाना मेंं कांग्रेस अध्यक्ष की सीट सत्ताधारी दल के खैमे से खींचने में सफल रही है।


