विधायक रघुवंशी के प्रत्याशी ने पूर्व विधायक यादव के प्रत्याशी को दी मात
शिवपुरी। जनपद पंचायत बदरवास के अध्यक्ष पद के चुनाव में बदरवास में भाजपा नेताओं के बीच जबरदस्त घमासान हुआ। अध्यक्ष पद की सीट हथियाने के लिए वर्तमान विधायक वीरेंद्र रघुवंशी और पूर्व विधायक महेंद्र यादव आमने-सामने आ गए। इस पूरे गेम में वीरेंद्र रघुवंशी का पलड़ा भारी करने में जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रामवीर सिंह यादव की मुख्य भूमिका रही। श्री यादव चाहते तो जनपद उपाध्यक्ष बन सकते थे। लेकिन उन्होंने बड़े दिल का परिचय देते हुए मोहर सिंह पडरिया का उपाध्यक्ष पद पर नोमिनेशन भरवाया और श्री पडरिया निर्विरोध उपाध्यक्ष बन गए। जनपद अध्यक्ष पद पर विधायक रघुवंशी और रामवीर सिंह यादव खैमे की मीरा परिहार निर्वाचित हुई।
जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर आज मतदान हुआ। विधायक रघुवंशी और रामवीर सिंह यादव खैमे ने वार्ड क्रमांक 7 से जनपद सदस्य का चुनाव लड़ीं मीरा बाई परिहार को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाया। जबकि पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव खैमे ने मुन्नी बाई पर दाव लगाया। चुनाव में विजयी उम्मीदवार मीराबाई परिहार को 14 मत मिले। जबकि उनकी प्रतिद्वंदी मुन्नी बाई सिर्फ 9 मत ही बटोर सकीं। मतदान में एक मत रिजेक्ट हुआ और वार्ड क्रमांक 20 से चुनी गई जनपद सदस्य मतदान करने ही नहीं पहुंची।



