नपाध्यक्ष चुनाव की सरगर्मियां तेज, भाजपा पार्षद पर्यटन के लिए गुजरात रवाना

MP DARPAN
0

केवडिया में भाजपा पार्षद सपरिवार प्रधानमंत्री मोदी के विजन को नजदीक से देखेंगे : यशोधरा राजे



शिवपुरी।
नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव तीन अगस्त को होने जा रहा है। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस मुकाबले में नहीं है। लेकिन भाजपा में किसी एक प्रत्याशी के नाम पर सहमति नहीं है। जिसके कारण पार्टी में दो धड़े हो गए हैं। भाजपा के निर्वाचित 22 पार्षदों में से 14 पार्षद और एक-दो निर्दलीय पार्षद आज शिवपुरी से पर्यटन के लिए गुजरात रवाना हो गए है। बताया जाता है कि सपरिवार गए इन पार्षदों के साथ भाजपा के मंडल पदाधिकारी भी हैं। गुजरात यात्रा करने वाले निर्वाचित भाजपा पार्षद स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया खैमे के हैं। यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि शिवपुरी के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों को सपरिवार केवडिय़ा गुजरात स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी एवं अन्य दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए रवाना किया गया। ताकि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अखंड और समृद्ध भारत के निर्माण के विजन को नजदीक से देख सकें। 

अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा में सरगर्मियां तेज हो गई। कल यशोधरा राजे सिंधिया ने मोहना में 18 पार्षदों की बैठक ली और अपने संबोधन में कहा कि पार्टी जिसे भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाए, उसका वह समर्थन करें। इस बैठक में यशोधरा राजे सिंधिया ने इच्छा जाहिर की थी कि प्रधानमंत्री मोदी के अखंड और समृद्ध भारत के विजन को नजदीक से देखने के लिए पार्षद गुजरात जाएं। इसी तारतम्य में आज भाजपा के लगभग 14 पार्षद आज बस से गुजरात के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार पहले ये पार्षद भोपाल पहुंचेंगे। जहां से उन्हें गुजरात दर्शन के लिए रवाना किया जाएगा। भाजपा को नगर पालिका चुनाव में जिस तरह का आरामदायक बहुमत मिला है, उससे यह तो तय है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा की ताजपोशी होगी। लेकिन पार्टी की गुटबाजी के चलते बागी उम्मीदवार मैदान में उतरने की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। भाजपा पार्षदों में यशोधरा राजे खैमे का पलड़ा भारी है और इस खैमे से नगर पालिका चुनाव में 14 से 15 पार्षद विजयी हुए हैं। जबकि केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया खैमे के 7 से 8 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। यशोधरा राजे खैमे की ओर से संभावना व्यक्त की जा रही है कि पूर्व नपा उपाध्यक्ष भानू दुबे की धर्मपत्नी श्रीमति दीप्ति दुबे की उम्मीदवारी सामने आ सकती है। जबकि नरेंद्र सिंह तोमर खैमे की ओर से श्रीमति सरोज रामजी व्यास चुनाव लडऩे का मन बना चुकी हैं। उन्हें भरोसा है कि कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद मिलकर उन्हें चुनाव जिता देंगे। देखना यह है कि ऐसी स्थिति में भाजपा अध्यक्ष पद का उम्मीदवार किसे बनाती है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top