कांग्रेस की सरकार बनी तो पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1500 रूपए प्रतिमाह : अशोक सिंह
शिवपुरी। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाडा के परासिया में हजारों महिलाओंं की उपस्थिति में नारी सम्मान योजना का शुभारंभ कर दिया है। यह योजना पूरे मध्यप्रदेश में लागू होगी और सरकार बनने पर पात्र महिलाओं को 1500 रूपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। वहीं मौजूदा कीमतों पर हर सिलेंडर पर महिलाओं को 600 रूपए से अधिक की बचत होगी। उक्त उदगार प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह चौहान के निवास स्थान पर आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। पत्रकारवार्ता में अशोक सिंह के अलावा शिवपुरी जिले की कांग्रेस प्रभारी रश्मि पवार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह चौहान और श्रीप्रकाश शर्मा, विधायक प्रागीलाल जाटव, पूर्व विधायक गणेश गौतम और कांग्रेस प्रवक्ता अजीत भदौरिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाने का काम कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगे। इस फार्म में सम्मानित महिलाओं का सामान्य जानकारी जैसे स्वयं का नाम, आधार कार्ड, बूथ संख्या, विधानसभा संख्या क्रमांक जैसी जानकारियां भरनी होंगी। अशोक सिंह ने कहा कि यह फार्म कमलनाथ जी का कथन नहीं बल्कि उनका बचन है और उन्होंने जो-जो भी वायदे किए हैं, उसे पूरा किया है। पत्रकारवार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि जब कांग्रेस पार्टी का बचन पत्र सामने आएगा तो इससे भी महत्वपूर्ण नारी हितैषी योजनाएं देखने को मिलेंगी। पूर्ववती कमलनाथ सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए अशोक सिंह ने बताया कि 2018 में जब उनकी सरकार बनी थी तो कन्याओं के विवाह मेें दी जाने वाली आर्थिक सहायता को बढा़कर 51 हजार रूपए किया गया था। वृद्धावस्था पेंशन भी बढ़ा दी गई थी और मेघावी छात्रों के लिए निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई थी। कमलनाथ जी ने इंद्रा गृह ज्योति योजना के तहत 100 रूपए में 100 यूनिट अर्थात 1 रूपए प्रति यूनिट बिजली उपलब्ध कराई थी। जिसे वर्तमान शिवराज सिंह चौहान सरकार ने समाप्त कर दिया है। पत्रकारवार्ता में प्रदेश सरकार पर महंगाई को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया गया है।
महिला पार्षद को मंच से उतारने पर हुआ विवाद, नारी अपमान के लगे आरोप
पत्रकारवार्ता में उस समय कांग्रेस को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब नगर पालिका में कांग्रेस की वार्ड 6 की महिला पार्षद श्रीमति मोनिका सडैया ने जिलेे की कांगे्रस प्रभारी रश्मि पवार पर अपने अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैं वार्ड 6 की महिला पार्षद हूं आप क्या मुझे नहीं जानती। इसके बाद उनके पति सीटू सडैया उग्र अंदाज में बोले कि यदि आप इन्हें नहीं जानती तो आप कैसे जिले की प्रभारी हैं। पत्रकारवार्ता में उन्होंने पत्रकारों के समक्ष नारी असम्मान की गंभीर आरोप मढ़ दिए। हुआ यह कि नारी सम्मान योजना में मंच पर बैठने के लिए जब पार्षद मोनिका सडैया पहुंची तो रश्मि पवार ने उन्हें मंच से नीचे उतार दिया। अपना अपमान होते देखकर मोनिका सडैया भड़क उठी और कहा कि यह कैसा नारी सम्मान, जिसमें नारी का अपमान हो रहा है। उनके पति ने कहा कि हम झंडा और फर्श उठाते हैं तब कांग्रेस चलती हैं। भरी पत्रकारवार्ता में बनी विवादपूर्ण स्थिति के बाद अशोक सिंह, प्रागीलाल जाटव और अजीत भदौरिया बीच बचाव करते हुए नजर आए।



