मुडख़ेड़ा में आदिवासियों से करेंगे संवाद, शिवपुरी, कोलारस और बदरवास में होगा रोड शो
शिवपुरी। लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही मध्यप्रदेश की राजनीति का पारा चढ़ता जा रहा है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली पराजय के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल कमतर जरुर हुआ है, लेकिन मप्र में राहुल गांधी की 698 किमी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार नजर आ रहा है और राहुल गांधी की यात्रा राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ से शुरू होगी और वह अधिकतर समय ग्वालियर एवं गुना-शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र में बिताएंगे। क्योंकि यहां पर कांग्रेस के लिए अच्छी संभावना हैं। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर 3 मार्च को शिवपुरी आएंगे। शिवपुरी जिले में मुडख़ेड़ा में वह आदिवासियों से संवाद करेंगे और सतनवाड़ा, शिवपुरी, कोलारस तथा बदरवास में रोड शो करेंगे। यात्रा की जोरदार तैयारियां की जा रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रात्रि विश्राम शिवपुरी जिले में बदरवास के पास स्थित ग्राम ईश्वरी में होगा। राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी महामंत्री भंवर जीतेन्द्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय ङ्क्षसह, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंगसिंघार आदि भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा 3 मार्च को सुबह 11 बजे ग्वालियर जिले से शिवपुरी जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। शिवपुरी जिले में मुढखेड़ा में राहुल गांधी आदिवासियों से संवाद करेंगे। इसके बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं का दोपहर का भोजन सतनवाड़ा में होगा। सतनवाड़ा से यात्रा शिवपुरी की सीमा में प्रवेश करेगी और शिवपुरी में बालाजीधाम मंदिर से रोड शो निकाला जाएगा। रोड शो कत्थामिल, कमलागंज, माधव चौक, गुरूद्वारा चौराहा, होते हुए आगे की ओर प्रस्थान करेगा। रोड शो में राहुल गांधी के स्वागत की जोरदार तैयारियां जिला कांग्रेस द्वारा की जा रही है। रास्ते में डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद न्याय यात्रा कोलारस पहुंचेगी जहां भी रोड शो का आयोजन किया गया है और शाम 5 बजे बदरवास में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रोड शो आयोजित किया गया है और रात्रि विश्राम ईश्वरी गांव में होगा। 4 मार्च को यात्रा गुना जिले में प्रवेश करेगी।
सुरक्षा के मद्देनजर राहुल गांधी को नहीं पहनाई जाएंगी मालाएं
राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा तीन मार्च को शिवपुरी में प्रवेश करेगी। यात्रा के पहले प्रशासन ने सख्त आदेश जारी कर कांग्रेसियों के उत्साह में खलल डाल दी है। अब जिले में पूरी यात्रा के दौरान कोई भी कांग्रेसी न तो राहुल गांधी को माला पहना सकेगा और न ही फूल आदि देकर उनका स्वागत कर सकेगा। प्रशासन का तर्क है कि उन्होंने यह निर्देश सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए दिए हैं। प्रशासन से निर्देश मिलने के बाद जिला अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी कर उन्हें अवगत करा दिया है। इसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि जिला कांग्रेस कार्यालय को प्रशासन से सूचना मिली है की कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता या अन्य कोई भी व्यक्ति राहुल गांधी को न ही माला पहनाएगा और न ही फूल या फूलों की पत्तियां या अन्य सामग्री प्रदान करेगा। यदि कोई ऐसा करने की कोशिश करता है तो प्रशासन द्वारा उस व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी जिसका उत्तरदायी वह स्वयं होगा।
गुना-शिवपुरी से हरिवल्लभ, वीरेन्द्र और यादवेन्द्र के नाम की चर्चा
राहुल गांधी की न्याय यात्रा से पहले गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार कौन होगा। इसकी चर्चाऐं तेज हो गई है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला और भाजपा से कांग्रेस में आए वीरेन्द्र रघुवंशी के अलावा अशोकनगर के यादवेन्द्र सिंह यादव के नाम की चर्चाऐं हैं। पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला 2004 में भी गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुकावला कर चुके हैं और वह काफी मजबूती से चुनाव लड़े थे। हालांकि वह 80 हजार मतों से पराजित हो गए थे। हरिवल्लभ शुक्ला 1998 में शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से कांगे्रस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं और वह भाजपा प्रत्याशी यशोधरा राजे सिंधिया से साढे 6 हजार मतों से पराजित हुए थे। इससे स्पष्ट है कि सिंधिया परिवार से चुनाव लडऩे का उनमें पर्याप्त अनुभव है। वहीं भाजपा से कांग्रेस में आए वीरेन्द्र रघुवंशी को कांग्रेस ने कहीं से टिकिट नहीं दिया था। श्री रघुवंशी शिवपुरी से चुनाव लडऩा चाहते थे, लेकिन बीच में केपी सिंह आ गए और वह टिकिट से वंचित हो गए। हालांकि केपी सिंह 44 हजार से अधिक मतों से पराजित हुए थे। श्री रघुवंशी भी कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में भाजपा प्रत्याशी यशोधरा राजे सिंधिया से 2008 में चुनाव लड़ चुके हैं, परन्तु वह 11 हजार मतों से पराजित हो गए थे। कंाग्रेस लोकसभा चुनाव में रघुवंशी को टिकिट दे सकती है। वहीं अशोकनगर के कांग्रेस नेता यादवेन्द्र यादव भी टिकिट की दौड़ में है।


