मैं एक साल पहले बगीचा सरकार के दर्शन करने आया था। आज बगीचा बाली काली माता ने बुला लिया
शिवपुरी। करैरा में आज से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 7 दिवसीय श्रीमद भागवत महा पुराण कथा शुरू हो गई। पहले दिन पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मैं एक साल पहले बगीचा सरकार के दर्शन करने आया था। आज बगीचा बाली काली माता ने बुला लिया।
उन्होंने कहा कि भारत में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। मनुष्य का पहला सौभाग्य मनुष्य योनि में जन्म लेना, दूसरा सौभाग्य भारत भूमि पर जन्म लेना है। अगर चीन में जन्म लेते तो छोटी छोटी एक जैसे आंखें होती, वहां ऐसा लगता है कि ब्रह्मा जी ने कॉपी पेस्ट करके छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि तीसरा सौभाग्य है कि आपने सनातन धर्म में जन्म लिया है। बता दें कि पं. शास्त्री हेलिकॉप्टर से करैरा पहुंचे हैं। करैरा कस्बे के टीला रोड़ पर बने स्टेडियम पर हैलिपेड बनाया गया था। उनकी अगुआई आयोजन समिति के सदस्यों के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, करैरा विधायक रमेश खटीक ने की। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 9 दिसंबर तक करैरा के रामराजा गार्डन में ही ठहरेंगे। कथा दोपहर 2 से 5 बजे तक चलेगी। 5 दिसंबर को पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार लगेगा। 6 दिसंबर को पं. शास्त्री के सानिध्य में 21 जोड़ों की शादी होगी।


