छत्री परिसर में लगी आग, हवा चलने से फैली

MP DARPAN
0

मौके पर पहुंची दो फायर बिग्रेड आग पर काबू पाने में लगी 




शिवपुरी। 
शिवपुरी स्थित सिंधिया राजपरिवार की छत्री परिसर में आज अचानक आग लग गई। आग छत्री के गेट नंबर 3 के पास स्थित परिसर में लगी है। नगर पालिका की 2 फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई और आग को काबू पाने में लगी हुई हैं। छत्री परिसर क्षेत्र में जमीन पर पड़े हुए सूखे पत्तों में आग लगी बताई गई है। शिवपुरी एसडीओपी संजय चतुर्वेदी, फिजिकल थाना प्रभारी नवीन यादव सहित छत्री परिसर का प्रशासन भी मौके पर मौजूद है। बताया जा रहा है कि यह आग भदैयाकुंड की ओर से बढ़ती आ रही है और बाणगंगा के पीछे वाले जंगल से होते हुए छत्री परिसर के गेट नंबर 3 तक पहुंच गई है जब इसकी जानकारी लगी है तो मौके पर दो फायर बिग्रेड पहुंचीं। जो हवा चलने के कारण आग पर काबू नहीं कर पा रही हैं। यह आग जमीन के पड़े सूखे पत्तों और घास को जलाते हुए चौतरफा आगे बढ़ रही है। अब इस आग पर चारों ओर से पानी डालकर ही काबू में किया जा सकता है।  

कोलारस में तीन दुकानों में लगी आग, 2 लाख सामान जलकर खाक


शिवपुरी।
कोलारस में गुरुवार को जगतपुर एबी रोड पर स्थित तीन लोहे की गुमटियों में रात करीब 2 बजे आग लग गई। इस हादसे में दो दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ। फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। ऑटो पार्ट्स की दुकान के मालिक सलमान खान ने बताया कि घटना में उन्हें करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ। उनकी दुकान में रखे 15 हजार रुपए नकद और ऑटो पार्ट्स का सामान जलकर राख हो गया। वहीं कबाड़ा व्यवसायी विष्णु आदिवासी की दो गुमटियों में रखा प्लास्टिक, चद्दर और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। उन्हें भी करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। कोलारस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। दुकानदारों का कहना है कि गुमटियों के पीछे पड़े कचरे से आग लगी हो सकती है। हालांकि, अभी तक आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है।

बिजली ट्रांसफार्मर में देर रात लगी आग, जूस स्टॉल जला, बैंक-एटीएम को बचाया


शिवपुरी।
  झांसी तिराहे पर गुरुवार देर रात करीब दो बजे बिजली के ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर से जुड़े केबल जलने लगे, इससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आई जूस की स्टॉल का सारा सामान जल गया। घटना के बाद आग तेजी से फैल रही थी। पास में स्थित बैंक और एटीएम को जलने का खतरा था। इसके बाद स्थानीय निवासी सुखवीर कुशवाह और अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने मिट्टी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। सूचना पर देहात पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। समय पर आग न बुझाई जाती तो बैंक और एटीएम को भी नुकसान हो सकता था। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top