कोलारस अस्पताल का सरकारी क्वार्टर विवाद : आदेश के बाद भी पूर्व बीएमओ का कब्जा बरकरार, नए बीएमओ ठिकाना ढूंढने को मजबूर

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस शासकीय श्रीमंत राजमाता विजयराजे सिंधिया अस्पताल का सरकारी क्वार्टर इन दिनों चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। सीएमएचओ ने यह क्वार्टर आधिकारिक रूप से नए बीएमओ डॉ. संजय राठौर को आवंटित कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद पूर्व बीएमओ डॉ. शर्मा ने क्वार्टर खाली नहीं किया है। नतीजतन, डॉ. राठौर अब भी अपने ही पद पर रहते हुए शासकीय सुविधा से वंचित हैं और निजी ठिकाना ढूंढने को मजबूर हैं।

स्थानीय सूत्र बताते हैं कि आवंटन आदेश जारी हुए लगभग दो माह हो चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई केवल कागजों में ही सिमटी हुई है। सवाल उठ रहा है कि आखिर जब नए अधिकारी को स्पष्ट रूप से क्वार्टर अलॉट हो चुका है, तो फिर पूर्व बीएमओ का अवैध कब्जा हटाने में इतनी देरी क्यों की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक क्वार्टर का मामला नहीं है, बल्कि विभागीय व्यवस्था और जिम्मेदारी की असली तस्वीर है। यदि स्वास्थ्य विभाग अपने ही आदेशों को अमल में नहीं ला पा रहा, तो आमजन के हित में अन्य बड़े फैसलों का क्या अंजाम होगा, यह समझा जा सकता है।

इनका कहना है

मुझे शासकीय क्वार्टर अलॉट हुए लगभग दो माह का समय हो चुका है, लेकिन अभी तक क्वार्टर खाली नहीं कराया गया। इस कारण मुझे प्रतिदिन शिवपुरी से कोलारस अप-डाउन करना पड़ रहा है।

डॉ. संजय राठौर, बीएमओ कोलारस 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top