शिवपुरी। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शिवपुरी शहर गणेश भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। शहर में श्रीगणेश सांस्कृतिक समारोह समिति (कस्टम गेट) एवं श्रीगणेश सांस्कृतिक समिति (न्यू ब्लॉक हंस बिल्डिंग) के भव्य कार्यक्रमों ने देर रात तक श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हजारों श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारों के साथ आकर्षक झांकियों, डांस और भक्ति गीतों का आनंद लेते रहे। दोनों आयोजनों में करीब 2 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी रही और पूरा नगर गणेशमय हो गया।
कस्टम गेट का 41वां भव्य गणेशोत्सव
डांस इंडिया डांस विजेता अक्षय पाल, कोरियोग्राफर प्रिंस सोनी और मिस इंडिया फाइनलिस्ट/एक्टर शैलजा मिश्रा विशेष आकर्षण रहे। झांकियों में राफेल फाइटर जेट, ब्रह्मोस मिसाइल, डायनासोर और भगवान कृष्ण की हाइड्रोलिक झांकी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कृतिका नोगरइया (यूपीएससी में सफल होकर आईएएस बनी) और ललित गर्ग (प्रदेश की पहली हाइड्रोलिक एम्बुलेंस निर्माता, पशुसेवी) का सम्मान किया गया। मुकेश म्यूजिकल ग्रुप (अलख शाक्य, उदय शाक्य, प्रशांत, नवीन सिनोरिया, मनोज, आनंद, सोनू बाली, संगीता श्रीवास्तव, प्रियंका मिश्रा व गायक मुकेश आचार्य) ने भक्ति और देशभक्ति गीतों से समां बांधा। नृत्य प्रतियोगिता में जूनियर से सीनियर बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सामाजिक संस्थाओं ने निशुल्क जलपान व भंडारे का आयोजन किया। मुख्य अतिथि और गणमान्य नागरिकों में भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, विधायक पोहरी कैलाश कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, एडिशनल एएसपी संजीव मुले, नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, नरवर नगर परिषद अध्यक्ष संदीप माहेश्वरी, समाजसेवी रामकुमार शिवहरे मंचासीन रहे। समिति पदाधिकारी अध्यक्ष मनीष रमेशचंद्र जैन, प्रतीक गुप्ता, सिद्धार्थ लढ़ा, राम गुप्ता, लायन अशोक ठाकुर, संयोजक रामकृष्ण मित्तल, जयदीप महेश्वरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र विकल, अंकित सक्सेना और मुकेश आचार्य ने संयुक्त रूप से किया।
न्यू ब्लॉक हंस बिल्डिंग कार्यक्रम की मुख्य झलकियाँ
गोल्डन कैट डांस ग्रुप की धमाकेदार प्रस्तुति और भोपाल से आए नटराज डीजे व महाराजा डीजे आकर्षण का केंद्र बने। मंच पर नयनाभिराम झांकियां प्रस्तुत की गईं। भैरव बाबा उत्सव समिति, इच्छा पूर्ण शिव मंदिर, राधारमण मंदिर पुरानी शिवपुरी, भैरव बाबा उत्सव समिति पुरानी शिवपुरी, बिन्नू महाराज आदि की झांकियों ने मन मोह लिया। गुना, ग्वालियर और भोपाल से आए डीजे के बीच कंपटीशन ने दर्शकों को रोमांचित किया। मंगलम योग संस्था के बच्चों ने अपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर की योग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध किया। श्रद्धालुओं के लिए रातभर भंडारे चलते रहे जिनमें पूरी, सब्जी, खिचड़ी, कचौड़ी, चाय, पोहा और जलेबी का वितरण हुआ। समिति पदाधिकारी और अतिथियों में संरक्षक भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले, अध्यक्ष तेजमल सांखला, उपाध्यक्ष वीरेंद्र जैन (पत्ते वाले), तरुण अग्रवाल, गोपाल गौड़, श्याम सुंदर राठौर, महासचिव महेंद्र रावत, सचिव सौरभ सांखला, कोषाध्यक्ष कालूराम शिवहरे, सह-कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता (सनी ग्राफिक्स), सह-सचिव मुन्नालाल कुशवाह और दिनेश गर्ग (गुड्डे) मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र रावत, शिखा मंगल और बृज दुबे ने संयुक्त रूप से किया। प्रचार सचिव बृज दुबे, राजीव शर्मा और मीडिया प्रभारी राजू यादव (ग्वाल) ने जानकारी दी।
नगर गणेशमय: गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा शिवपुरी
दोनों समितियों के आयोजनों ने शिवपुरी में गणेशोत्सव को ऐतिहासिक बना दिया। जहां झांकियों में आध्यात्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला, वहीं मंच पर डांस, योग, संगीत और सम्मान समारोह ने कार्यक्रम की भव्यता को चार चांद लगाए।