गुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दिवंगत माता जी के संबंध में कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयान से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गुना में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार की उपस्थिति और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत के नेतृत्व में महिला नेत्रियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सांकेतिक अर्थी निकालकर पुतला दहन किया।
मातृशक्ति के अपमान से फूटा गुस्सा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माताजी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जिस प्रकार की अभद्र टिप्पणी की है, वह न केवल प्रधानमंत्री जी की माता जी का, बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति का अपमान है। भाजपा जिलाध्यक्ष सिकरवार ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा मातृशक्ति को अपमानित करने वाली रही है। प्रधानमंत्री जी को पूरा विश्व सम्मान करता है, लेकिन कांग्रेस नेता उन्हें भी अपशब्द कहते हैं। नफरत की राजनीति में कांग्रेस असभ्यता की सारी सीमाएं पार कर चुकी है।
कांग्रेस कार्यालय का घेराव, जमकर नारेबाजी
भाजपा महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता मारुति शोरूम से रैली निकालते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अर्थी को सड़क पर लिटाकर “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “मातृशक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” के नारों के बीच पुतला जलाया और कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग की।
प्रदेशभर में व्याप्त रोष
जिलाध्यक्ष सिकरवार ने कहा कि बिहार की सभा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री जी की माता जी को लेकर की गई टिप्पणी ने देशभर के कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और संभ्रांतजनों को आहत किया है। प्रधानमंत्री जी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाए कांग्रेस नेता ऐसे असंवेदनशील बयान दे रहे हैं।
भारी संख्या में नेता व कार्यकर्ता रहे शामिल
गुना में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत, सुनीता बंजारा, पूर्व मंत्री गोपीलाल जाटव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राधेश्याम पारीक, गजेंद्र सिकरवार, हरिसिंह यादव, अरुण चतुर्वेदी, योगेंद्र लुंबा, नीरज निगम, नगर मंडल अर्जुन सिंह राजपूत सहित हजारों महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संतोष धाकड़ ने किया तथा आभार महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत ने व्यक्त किया।