भारत सैटकॉम क्रांति का वैश्विक नेतृत्व करेगा: केंद्रीय मंत्री सिंधिया

MP DARPAN
0

आईएमसी-2025 में बोले केंद्रीय मंत्री– आकाश से आरंभ, धरती पर परिवर्तन

नई दिल्ली। यशोभूमि, नई दिल्ली में चल रहे इंडियन मोबाइल कांग्रेस-2025 के पहले दिन आयोजित सैटकॉम समिट में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत की अग्रणी भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब केवल सहभागी नहीं, बल्कि विश्व का पेससेटर बन गया है। श्री सिंधिया ने कहा कि यह सम्मेलन केवल तकनीकी चर्चा नहीं, बल्कि एक नई क्रांति की शुरुआत है कि आकाश में जन्म लेने वाली और धरती पर बदलाव लाने वाली क्रांति।

सैटकॉम: तकनीक नहीं, डिजिटल न्याय

श्री सिंधिया ने कहा कि सैटकॉम डिजिटल युग का न्याय है कि यह लद्दाख के किसान को रियल टाइम मौसम जानकारी देता है, लक्षद्वीप के मछुआरे को तूफान की चे तावनी पहुँचाता है, छत्तीसगढ़ के बच्चे को बेहतरीन शिक्षा और असम के बाढ़ग्रस्त इलाकों में डॉक्टर को मरीज तक पहुँचने की शक्ति देता है।

5G से सैटकॉम तक भारत की छलांग

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत ने पिछले दो वर्षों में 5G कनेक्टिविटी से 99.9% आबादी को जोड़ा, 4.8 लाख टावर स्थापित किए और अब सैटकॉम के क्षेत्र में दुनिया का सबसे तेज रोलआउट करने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भारत निधि के जरिए 38,000 दुर्गम गाँवों को कनेक्टिविटी से जोड़ने का लक्ष्य है, जिनमें से 29,000 गाँव (75%) पहले ही जुड़ चुके हैं, जिस पर ₹40,000 करोड़ का निवेश हुआ है। जहाँ सड़कें नहीं पहुँचतीं, वहाँ सैटकॉम पहुँचेगा यही सच्चे समावेशन की कहानी होगी।

भारत का अंतरिक्ष आरोहण

श्री सिंधिया ने कहा कि भारत ने आर्यभट्ट से चंद्रयान-3 तक यह साबित किया है कि अब देश अपने सपनों की कक्षाओं में परिक्रमा कर रहा है। उन्होंने आदित्य-L1, गगनयान और NAVIC जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब केवल भागीदार नहीं, बल्कि नवाचार का अगुआ बन चुका है।

भविष्य हमें आकाश से पुकार रहा है

श्री सिंधिया ने आह्वान किया कि सरकार, उद्योग, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान और अंतरराष्ट्रीय साझेदार मिलकर इस मिशन को आगे बढ़ाएँ। अब समय है कि भारत इस वैश्विक प्रगति का दर्शक नहीं, बल्कि सिम्फनी का संचालक बने। भविष्य हमें आकाश से पुकार रहा है। आइए, साहस, निष्ठा और सहयोग से उत्तर दें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top