मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ का 47वाँ स्थापना दिवस शिवपुरी में गरिमामयी ढंग से संपन्न
शिवपुरी। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला इकाई शिवपुरी ने अपने 47वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन मातोश्री होटल में किया। कार्यक्रम की गरिमा मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 पुरुषोत्तम दास जी महाराज, राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाई।
समारोह की शुरुआत माँ भारती, भगवान विश्वकर्मा और भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेगड़ी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक राजेंद्र पिपलौदा ने की। अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और बैज लगाकर किया गया। बीएमएस के जिला महामंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने संघ गीत का सामूहिक गायन कराया। मंच पर भारतीय मजदूर संघ के समरसता प्रमुख अजमेर सिंह यादव, दिलीप शर्मा, विभाग प्रमुख फतेह सिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह तोमर, कौशल किशोर श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वंदना शर्मा, बीएमएस की हरभजन कौर और मंजू धाकड़ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कर्मचारियों के हित में सदैव तत्पर: प्रदेश महामंत्री
मुख्य वक्ता और प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है। कई प्रमुख मांगों को सरकार के समक्ष रखा गया है और शीघ्र ही समाधान की उम्मीद है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव ने संघ की स्थापना यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्मचारी प्रदेश और राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं, उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण मनोयोग और निष्ठा से करना चाहिए।
कर्मचारियों को सरकार का भरोसा
भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कर्मचारियों को सुविधाएँ देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि कर्मचारी सरकार की योजनाओं को सफलता तक पहुँचाने की नींव हैं। उन्हें देशहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए। सरकार उनके हित में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
सफल आयोजन के लिए आभार
समारोह में विभिन्न ब्लॉक एवं तहसील अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित हुए। सभी का स्वागत अंगवस्त्र पहनाकर किया गया। मंच संचालन महावीर मुदगल और राजकुमार सरैया ने किया। अंत में कार्यवाहक जिला सचिव राजकुमार सरैया ने सभी अतिथियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।