मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा एवं मुआवजे की मांग, जिला कांग्रेस करेगी विरोध प्रदर्शन
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुरना ज़िलों में जहरीले कफ सिरप के सेवन से अबोध बच्चों की दर्दनाक मौतों के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि एवं विरोध स्वरूप कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह कैंडल मार्च जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला प्रवक्ता एडवोकेट राजकुमार शाक्य ने बताया कि सभी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता 9 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे पंडित नरहरी प्रसाद शर्मा चौक न्यू ब्लॉक पर एकत्रित होंगे, जहां पंडित नरहरी प्रसाद शर्मा जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कैंडल मार्च की शुरुआत की जाएगी। मार्च टेकरी गली से सदर बाजार होते हुए माधव चौक चौराहे तक निकाला जाएगा। इस दौरान कांग्रेसजन मृतक बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और सरकार की लापरवाही के विरोध में नारेबाजी करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल का तत्काल इस्तीफा लिया जाए। कफ सिरप कंपनी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। मृत बच्चों के परिजनों को पाँच-पाँच करोड़ रुपये का मुआवज़ा दिया जाए। एडवोकेट शाक्य ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही इन मांगों पर अमल नहीं किया तो कांग्रेस को उग्र आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर निर्दोष मासूमों की आत्मा की शांति के लिए दीप जलाएं और न्याय की आवाज़ बुलंद करें।


