प्रधानमंत्री मोदी बोले- अयोध्या की रामध्वजा से लेकर कॉमनवेल्थ की मेजबानी तक, भारत नई ऊँचाइयों पर
गुना। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गुना के वार्ड 12, बूथ क्रमांक 34 पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 128वें एपिसोड का लाइव प्रसारण कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमजन शामिल हुए।
नगर मंडल मीडिया प्रभारी मुकेश ओझा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संस्करण में राष्ट्र की गौरवगाथा, सांस्कृतिक धरोहर और भारत की वैश्विक उपलब्धियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री ने कहा कि नवंबर का महीना देश को अनेक प्रेरणाएँ देकर गया है। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम, वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में शुरू हुआ महाअभियान, और अयोध्या में राम मंदिर पर रामध्वजा का भव्य आरोहण ये सभी क्षण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शक्ति का प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि भारत को कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी मिलने से खेल जगत में नया इतिहास लिखा गया है। खेल, संस्कृति और नवप्रेरणा से जुड़े ऐसे विषयों को जन-जन तक पहुँचाने में मन की बात एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम में मंडल प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता देवेंद्र गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत, महामंत्री हरीश उरैया, बूथ अध्यक्ष नरेश जोशी, भाजपा नेता दिलीप बैस, आईटी सेल प्रभारी राहुल बेस, डॉ. मुकेश साहू सहित बूथ समिति के समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे।


