सिंध नदी जल प्रदाय योजना का भूमि पूजन, एसडीएम एवं तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण, शिक्षा क्षेत्र में नया अध्याय
गुना। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को गुना जिले को विकास की नई राह दिखाते हुए 67 करोड़ रुपए से अधिक की महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें शहर की बहुप्रतीक्षित सिंध नदी जल प्रदाय योजना के तहत अमृत 2.0 परियोजना का भूमि पूजन, एसडीएम भवन एवं तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण तथा पार्टली हाईस्कूल के नव-निर्मित भवन का शुभारंभ शामिल है। श्री सिंधिया ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य गुना के नागरिकों को सुविधा, सुगमता और समृद्धि से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि गुना के हर परिवार तक बेहतर सुविधाएं पहुँचाना मेरा नैतिक कर्तव्य है।
2050 तक पानी की चिंता खत्म करेगी सिंध नदी जल प्रदाय योजना
48.75 करोड़ रुपए की लागत वाली अमृत 2.0 परियोजना का शिलान्यास करते हुए सिंधिया ने कहा कि यह योजना 2050 तक गुना शहर को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने का दीर्घकालिक समाधान साबित होगी। शहर की बढ़ती आबादी और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल व्यवस्था की गारंटी भी देगी।
एक ही छत के नीचे मिलेगी त्वरित प्रशासनिक सेवाएं
केंद्रीय मंत्री ने 8.35 करोड़ रूपए के एसडीएम कार्यालय भवन और 7.96 करोड़ रूपए के तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण कर प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने की बड़ी सौगात दी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये भवन नागरिकों को राजस्व एवं अन्य सेवाएँ त्वरित, पारदर्शी और सुगम तरीके से प्रदान करेंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत
ग्रामीण शिक्षा को मजबूत करते हुए सिंधिया ने 1.47 करोड़ रूपए की लागत से बने पार्टली हाईस्कूल के नए भवन का भी लोकार्पण किया। यह स्कूल आधुनिक माहौल, सुरक्षित भवन और आवश्यक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा।
गुना मेरा परिवार: सिंधिया
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि गुना मेरे लिए केवल संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा परिवार है। गुना के हर घर की सुविधा और हर युवा के उज्ज्वल भविष्य के लिए मैं पूर्ण रूप से समर्पित हूँ। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भाग लेकर दशकों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम के लिए केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया।


