शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को बदरवास में 0.81 लाख रूपए की लागत से निर्मित उप-डाकघर का लोकार्पण किया। प्राचीन मंदिर की गली में स्थित यह ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त होकर आमजन की सेवा के लिए समर्पित हो गया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग अब केवल चिट्ठियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह देश की आर्थिक और सामाजिक रीढ़ के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से शुरू हुए डाक आधुनिकीकरण अभियान के तहत क्षेत्र के 50 पोस्ट ऑफिस का कायाकल्प किया जा चुका है, जिससे ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में भी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। अपने संबोधन में सिंधिया ने कहा कि डाकिया केवल डाक नहीं लाता, वह घर से दिल और सरहद से घर तक भावनाएं पहुंचाता है। उन्होंने फिल्मी संवाद का जिक्र करते हुए कहा कि कभी चिट्ठी आई है सुनकर लोग भावुक हो जाते थे, लेकिन आज का डाकिया चिट्ठी के साथ बैंक लेकर आता है। पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, बीमा योजनाएं और सुकन्या समृद्धि योजना आज ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन चुकी हैं। सुकन्या समृद्धि योजना को उन्होंने एक बीज बताते हुए कहा कि माता-पिता इसमें निवेश कर बेटियों के भविष्य का वटवृक्ष तैयार कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ हुए दो महत्वपूर्ण एमओयू की जानकारी भी दी। पहला एमओयू खाद की रियल-टाइम मॉनिटरिंग से संबंधित है, जिससे किसानों को खाद की पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। दूसरा एमओयू ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम है। इसके तहत इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देकर गांव-गांव खाते खोलने की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे महिलाएं हर माह 15,000 से 30,000 रूपए तक की आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। अंत में सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का डाक विभाग हर गांव, हर घर और हर व्यक्ति तक अपनी पहुंच बना रहा है। आने वाले समय में अपनी विश्वसनीयता, सेवा और नवाचार के दम पर भारत का डाक विभाग पूरे विश्व में प्रथम स्थान हासिल करेगा।


