शिवपुरी। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय शिवपुरी (जीएमसी) ने एक बार फिर जटिल शल्य चिकित्सा में सफलता हासिल करते हुए जबड़े के दुर्लभ ट्यूमर यूनिसिस्टिक अमेलोब्लास्टोमा का सफल ऑपरेशन किया है। दंत विभाग और ईएनटी विभाग के समन्वित प्रयास से यह जटिल सर्जरी संभव हो सकी।
रोगी को लंबे समय से जबड़े में सूजन, दर्द और चेहरे के आकार में परिवर्तन की शिकायत थी। विस्तृत क्लिनिकल परीक्षण और रेडियोलॉजिकल जांच के बाद यूनिसिस्टिक अमेलोब्लास्टोमा का निदान हुआ। यह ट्यूमर सामान्यतः सौम्य (बेनाइन) होता है, लेकिन समय पर उपचार न मिलने पर आसपास की हड्डियों को गंभीर क्षति पहुंचा सकता है। इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन का नेतृत्व दंत विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोहित शर्मा एवं ईएनटी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मेघा प्रभाकर ने किया। ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा टीम सदस्य डॉ. मीनाक्षी के महत्वपूर्ण सहयोग से सामान्य एनेस्थीसिया के अंतर्गत ट्यूमर को सावधानीपूर्वक हटाया गया। सर्जरी के दौरान आसपास की महत्वपूर्ण संरचनाओं को सुरक्षित रखा गया, जो टीम की विशेषज्ञता को दर्शाता है। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की वर्तमान स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है। उसे नियमित फॉलो-अप पर रखा गया है। डीन डॉ. डी. परमहंस ने कहा कि विभागों के बेहतर तालमेल और कुशल टीमवर्क के कारण अब जटिल सर्जरी जीएमसी शिवपुरी में ही सफलतापूर्वक की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो रही है।


