शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरवाया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 70 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और करीब 20 लाख रुपए कीमत की बिना नंबर की महिन्द्रा थार गाड़ी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अमन सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी, के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि अरविंद छारी के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर सूचना पर त्वरित घेराबंदी की।
सूचना मिली थी कि काले रंग की महिन्द्रा थार में बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब शिवपुरी से करैरा की ओर ले जाई जा रही है। सुरवाया पुलिस ने खुटैला तिराहा और अमोला घाटी कटपॉइंट के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध थार वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो कैनों में कुल 70 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शराब और बिना नंबर की थार गाड़ी सहित कुल 20,14,000 रुपये का मशरूका जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना सुरवाया में अपराध क्रमांक 08/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद छारी, सहायक उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक हर्ष झा, मनीष सैन एवं आरक्षक रमाकांत पाराशर की सराहनीय भूमिका रही।


