शिवपुरी। जिले में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए खनिज विभाग ने तहसील नरवर के ग्राम सीहोर में बड़ी कार्रवाई कर रेत माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। प्राप्त सूचना के आधार पर गठित खनिज दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन स्थल पर दबिश दी। दल में खनिज अधिकारी रामसिंह उइके, खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास्तव एवं विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।
कार्रवाई के दौरान मौके पर शासकीय भूमि से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी, जो राजस्व अभिलेख में स्पष्ट रूप से दर्ज है। कार्रवाई के दौरान एक पनडुब्बी मशीन को मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार नष्ट किया गया, जिससे अवैध खनन में उपयोग हो रहे संसाधनों पर सीधा वार किया गया। इसके अलावा पनडुब्बी के पास दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित लगभग 450 एवं 600 घनमीटर, कुल 1050 घनमीटर रेत जब्त की गई। जब्त सामग्री के संबंध में विधिसम्मत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। खनिज दल के पहुंचने से पहले ही उत्खननकर्ता मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद आरोपियों के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। विभाग द्वारा फरार आरोपियों की तलाश जारी है। खनिज विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं सतत कार्रवाई जारी।


