क्राइम मीटिंग : एसपी राठौड़ एक्शन मोड में, अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार

MP DARPAN
0

अपराधियों पर कसा जाएगा शिकंजा, लंबित मामलों का होगा त्वरित निराकरण

शिवपुरी। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। एसपी श्री राठौड़ ने अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित एवं गंभीर अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर अधिकतम प्रकरणों का निराकरण किया जाए। उन्होंने एक वर्ष से अधिक लंबित अपराधों एवं छह माह से अधिक लंबित चालानों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।

महिला अपराधों पर विशेष फोकस

एसपी ने महिला संबंधी अपराधों को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए पीडि़ताओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एससी/एसटी के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया।

अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध

थाना क्षेत्रों में स्मैक, गांजा, जुआ, सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्णत: अंकुश लगाने, हिस्ट्रीशीटर एवं जिलाबदर अपराधियों की नियमित चेकिंग करने तथा अधिक से अधिक वारंट तामील कराने के निर्देश दिए गए। सभी थानों को एक साथ कॉम्बिंग गश्त चलाकर स्थायी व गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ करने को कहा गया।

फरियादियों से व्यवहार और शिकायतों का समाधान

एसपी राठौड़ ने जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन की 100 दिवस से लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और उनकी समस्याओं के गंभीर समाधान पर विशेष बल दिया गया।

तकनीक के उपयोग पर जोर

सीसीटीएनएस पोर्टल पर ई-रक्षक, ई-समंस एवं ई-साक्ष्य एप के अधिकतम उपयोग तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस टीम को मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहना होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top